मैनपुरी। जिले में 18 महीने से रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। इसके चलते जिला अस्पताल में दुर्घटनाओं व मारपीट में घायल होकर पहुंचने वाले लोगों को मेडिकोलीगल जांच के लिए फिरोजाबाद रेफर किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार यहां प्रतिदिन 15 से 20 लोग मेडिकोलीगल जांच के लिए पहुंच रहे हैं। रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
जब कोई पीड़ित मेडिकोलीगल जांच के लिए आता है तो उसके साथ एक कांस्टेबल तथा एक होमगार्ड की ड्यूटी होती है। पीड़ित यदि महिला है तो महिला सिपाही, होमागार्ड तथा एक पुरुष कांस्टेबल की जरूरत होती है। यदि एक मरीज फिरोजाबाद के लिए रेफर किया जाता है तो उसके साथ पुलिस विभाग के ये कर्मचारी भी जाते हैं।
इसके चलते जिला अस्पताल को अल्ट्रासाउंड केंद्र भी बंद चल रहा है। जिला अस्पताल के सीएमएस डा.आरके सागर ने कहा कि इस संबंध में विभाग तथा शासन को लिखा जा चुका है। जब तक रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं होगी तब तक इस प्रकार की परेशानी बनी रहेगी।