कासगंज। प्रसव के लिए ढोलना के स्वास्थ्य केंद्र पर जा रही एक महिला ने एंबुलेंस में ही बच्ची को जन्म दे दिया। बच्ची की जन्म के साथ ही मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिवारीजन महिला को एक निजी चिकित्सालय में ले गए।
मंगलवार को सायं करीब 4 बजे इटौआ नगला चंदन की महिला नीतू पत्नी रामवीर को प्रसव पीड़ा हुई। प्रसव पीड़ा होने पर परिवारीजनों ने उसे चिकित्सालय ले जाने की तैयारी की। एंबुलेंस के लिए फोन किया।
एंबुलेंस आने पर परिवारीजन महिला को लेकर ढोलना स्वास्थ्य केंद्र की ओर रवाना हो गए, लेकिन रास्ते में महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची की जन्म के बाद ही मौत हो गई। प्रसव के बाद महिला की हालत भी बिगड़ने लगी।
ढोलना स्वास्थ्य केंद्र पर महिला की चिकित्सा के प्रबंध न होने के कारण परिवारीजन उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां उसकी चिकित्सा की गई। उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार बताया गया।