शिकोहाबाद। पेंशन फाइल बनवाने को चक्कर लगा रही महिला के साथ बैंक कर्मचारी ने अभद्रता कर दी। इसके बाद बैंक में हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
थाना क्षेत्र के गांव उरमुरा निवासी तारादेवी का बड़ा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। मंगलवार दोपहर महिला बैंक में अपनी पेंशन की फाइल के संबंध में जानकारी लेने आई थी। आरोप है कि जब वह बैंक कर्मचारी से बात कर रही थी, तभी कर्मचारी आक्रोशित होकर महिला से अभद्रता करने लगा। इसका विरोध महिला ने किया तो बैंक में हंगामा खड़ा हो गया।
महिला का साथ देने वाले कुछ लोगों के साथ भी बैंक कर्मचारी अभद्रता करने लगे। इसकी सूचना किसी ने थाना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही एसओ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करा दिया। एसओ ने बैंक प्रबंधक से महिला की पेंशन फाइल शीघ्र बनवाकर देने का आश्वासन देकर मामला रफादफा करा दिया।