एटा। सुहाग का पर्व करवा चौथ रविवार को मनाया जाएगा। पहली बार करवा चौथ मनाने के लिए नव विवाहिताएं उत्साहित हैं। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखने को तैयारियां कर ली हैं। एक दिन पूर्व बाजार में महिलाओं की खासी भीड़ दिखाई दी। उधर, पति भी जीवन संगिनी के लिए गिफ्ट खरीदते नजर आए।
करवा चौथ का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखेंगी। साथ ही शाम को चांद को अर्घ्य देकर अपना व्रत खोलेंगी। व्रत को लेकर विवाहिताओं में उत्साह नजर आ रहा है। पहला करवा चौथ मना रहीं शिवानी वार्ष्णेय कहती हैं कि शादी के बाद पहले करवा चौथ को लेकर काफी उत्साहित हूं। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखने के लिए काफी तैयारियां की हैं। सरोज राजपूत कहती हैं कि करवा चौथ का त्योहार हर सुहागिन के लिए काफी मायने रखता है। पहली बार व्रत रख रही हूं, तो थोड़ा डर है तो उत्साह भी। तैयारी पूरी कर ली हैं। उधर, पतियों ने भी अपने हमसफर को गिफ्ट देने के लिए खरीदारी कर ली है। साड़ी, सोने की अंगूठी, कुंडल की मांग ज्यादा है। ज्वेलर अंकित बताते हैं कि करवा चौथ पर गिफ्ट के तौर पर अंगूठी सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है।
बाजार में उमड़ी भीड़
शनिवार को बाजार में महिलाओं की खासी भीड़ नजर आई। इस दौरान शहर के व्यस्ततम बाजार बाबूगंज में महिलाओं ने साड़ी, श्रृंगार का सामान, पूजन सामग्री की खरीदारी की। इसके साथ ही महिलाओं ने मेंहदी और ब्यूटी पार्लर पर फेशियल, ब्लीच और मेकअप कराया।
शाम को पांच बजे लगेगी चतुर्थी, 8:23 पर दिखेगा चांद
रविवार को जिले में शाम 4:58 बजे चतुर्थी लगेगी। वहीं चांद का दीदार रात को 8:23 से 8:35 बजे के बीच होगा। इस दौरान चंद्रमा को अर्घ्य देकर विवाहिताएं अपने सुहाग की सलामती के लिए प्रार्थना करेंगी। सोमवार को दोपहर 2:16 बजे तक चतुर्थी रहेगी। पंडित अरुण कुमार उपाध्याय बताते हैं कि करवे का पूजन व कथा श्रवण विशेष पुण्यदार्यी माना जाता है।
इंद्रपुरी में होगा सामूहिक पूजन
करवा चौथ के मौके पर शहर की पॉश कालोनी इंद्रपुरी में सामूहिक पूजन का आयोजन किया जाएगा। कालोनी की विवाहिताएं शाम छह बजे से आयोजन में जुटेंगी।
बाजार से भी जमकर की खरीदारी
कासगंज में करवा चौथ पर्व मनाने के लिए पूर्व संध्या पर बाजारों में महिलाओं की अच्छीखासी भीड़ दिखाई दी। ब्यूटी पार्लर, ज्वेलरी शॉप, कपड़ा शो रूम पर महिलाओं की लाइन लगी नजर आई।
महिलाओं ने ब्यूटीशियन के यहां पहुंच कर हाथों पर मेहंदी सजाई। इसके साथ ही फैशियल, वैक्स, क्लीनजर, विलीच आदि कराया। नाखूनों को सजाने , नई स्टाइल के बाल आईब्रो सैट कराने में भी महिलाओं ने दिलचस्पी दिखाई। महिलाओं ने जिस रंग की साड़ी खरीदी , उसी के हिसाब से मैचिंग बिंदी, लिपिस्टिक, चूड़ी, कड़े, कंगन भी खरीदे। भीड़भाड़ के चलते देर रात तक बिक्रेताओं ने अपनी दुकानें खोलीं।महिलाओं ने बाजार से अन्य पूजन सामग्री करवा, कलेंडर, सिरकी आदि भी खरीदी।