मथुरा। हाईवे पर नवादा कट के पास बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे कान्हा माखन पब्लिक स्कूल की वैन पीछे से डंफर में घुस गई। हादसे में नौ बच्चे घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। हादसे के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई। लोगों ने किसी तरह से बच्चों को वैन से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। चालक की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
महाविद्या रामलीला ग्राउंड के पास स्थित कान्हा माखन पब्लिक स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए स्कूल वैन निकली थी। इस वैन को अजय नगर निवासी चालक जितेंद्र चला रहा था। वैन में नौ बच्चे बताए जा रहे हैं। जब जितेंद्र वैन को लेकर हाईवे पर नवादा के पास पहुंचा तो आगे चल रहा डंफर अचानक टायर पंक्चर हो जाने के कारण रुक गया तभी पीछे से आ रही वैन डंफर में घुस गई।
वो तो गनीमत रही कि गाड़ी की रफ्तार तेज नहीं थी वरना बड़ा हादसा हो जाता। वैन के डंफर में घुसते ही चीख पुकार मच गई। आसपास खड़े लोग दौड़ पड़े। किसी तरह से बच्चों को बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना पाकर बच्चों के परिवार वाले भी दौड़ पड़े। प्रियांशु, राधिका, वर्तिका, प्रिंस, इशांत, सिद्धार्थ, यश, अंशु , निशांत अरोड़ा, वंशिका गौतम और समृद्धि समेत नौ बच्चे घायल हुए हैं।
सभी घायल बच्चे पहली क्लास से तीसरी क्लास तक के बताए जा रहे हैं। प्रधानाचार्य अनिल यदुवंशी ने बताया कि सभी बच्चों का उपचार स्वर्ण जयंती में कराया गया। सात बच्चे उपचार के बाद घर भेज दिए गए हैं जबकि प्रियांशु गौतम और सिद्धार्थ को नयति में भर्ती कराया है। दोनों की हालत सामान्य है।
बच्चों के खून से सन गई थी वैन
बच्चों के खून से वैन सन गई थी। सीटों पर भी खून के छीटें नजर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंफर में पीछे से वैन घुसी थी। इस हादसे के बाद बच्चे बेहद सदमे में थे। सभी डरे नजर आ रहे थे। जब इन बच्चों के घर वाले पहुंचे तो वह भी बच्चों की हालत देखकर बिलखने लगे। पुलिस और लोगों ने किसी तरह से बच्चों को संभाला। बाद में सभी को अस्पताल ले जाया गया।