फिरोजाबाद। दो महीने से पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे देवकी नगर के लोगों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए। सुबह आधे घंटे तक जाम लगा कर नारेबाजी की। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों का शांत कराकर जाम खुलवाया।
देवकी नगर, टापाकलां और माता मंदिर वाली गली में मायापुरी टंकी से पानी की आपूर्ति होती है। टंकी की पाइप लाइन जलेसर रोड नाले के निकट क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। गिर्राज, चंद्रपाल, राम किशन, संजू, रवि, टीटू, इंद्रवती, रामबेटी, रामा देवी, सुमन, मुन्नी, प्रमोद, छोटू, श्रीदेवी, भारती, दीपक, पिंकी, पीके चौधरी आदि ने बताया कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
दो माह से पेयजल समस्या से जूझ रहे लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सुबह एकत्रित होकर लोगों ने जलेसर रोड पर जाम लगा दिया। महिलाओं कहना था कि पूरे क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। टंकी से मात्र पांच-दस मिनट ही पानी आता है, वह भी दुर्गंध युक्त होता है।
पेयजल समस्या से आक्रोशित महिला-पुरुषों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि जब सपा की सरकार थी, तब दिलीप यादव के पास समस्या लेकर जाते थे। अब भाजपा सरकार में विधायक मनीष असीजा के पास जाते हैं। क्षेत्र में सड़क बनवाने व पेयजल समस्या के संबंध में दो बार लिखित में शिकायत दे चुके हैं, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई।
देवकी नगर के लोगों का कहना है कि टंकी से घरों तक साफ पानी न आने के कारण पीने के लिए भी पानी सबमर्सिबल से हर माह 300 से 400 रुपये में खरीदना पड़ रहा है। निजी सबमर्सिबल संचालक भी मनमाने पैसे वसूल रहे हैं।
क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के जरिए घरों में नाले का गंदा व दूषित पानी पहुंच रहा है। टीटू ने बताया कि कि दूषित पानी से नहाने के कारण संक्रामक रोग हो रहे हैं। शरीर पर लाल चक्कते पकड़ना, खुजली व अन्य बीमारियां हो रही हैं। गंदे पानी से नहाने के कारण इलाज पर भी पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।