फिरोजाबाद। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सोमवार को रेलवे रोड स्थित पत्थर वाली गली के पास 190 कछुए बरामद किए हैं। साथ ही तस्करी के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कछुओं को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस रेलवे रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि आटो में सवार युवक के पास काफी संख्या में कछुआ है। इस पर पुलिस ने रेलवे रोड से गुजरने वाले आटो की चेकिंग पत्थर वाली गली के समीप शुरू कर दी। पुलिस को देख आटो में सवार युवक उतरने के साथ ही उल्टा गांधी पार्क की ओर चल दिया। शक होने पर पुलिस ने उसको रोक लिया।
युवक का बैग खोलकर देखा गया तो उसके पास कई कछुआ थे। पुलिस युवक को थाने ले गई। पूछताछ के दौरान आरोपी का नाम केशव राठौर चौड़ी गली रामनगर थाना लाइनपार बताया। आरोपी के पास से पुलिस ने 190 कछुआ बरामद किए। वन विभाग के अधिकारी भी दक्षिण थाने पहुंचे और कछुओं को अपने साथ ले गए। वहीं पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। कछुओं को लखनऊ से लाकर नेपाल और राजस्थान भेजा जाता था।
थानाध्यक्ष दक्षिण की मानें तो बरामद किए गए कछुआ अलग अलग नस्ल के हैं। इनकी तस्करी कर बाजार में अवैध रूप एक हजार से 15 सौ रुपये तक की बिक्री की जाती है। इनको लोगों द्वारा घरों पर पाला जाता है। एसएसपी ने टीम को पांच हजार रुपये देने की घोषणा की है।
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह कछुओं की तस्करी नहीं करता है। छोटी छपैटी निवासी एक युवक ने कछुओं को मंगाया था। वह लखनऊ से कछुआ लेकर बस से फिरोजाबाद आया था। जिस युवक का नाम आरोपी ने बताया है। वह कांच का गोदाम संचालित करता है।