एटा। रोडवेज बसस्टैंड के निरीक्षण पर पहुंचे परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को वाटर कूलर के पास पीक के निशान देखकर भड़क गए और साफ कराने के निर्देश दिए। बोले कासगंज से लौटते समय वह सफाई व्यवस्थाएं देखेंगे।
शनिवार को परिवहन मंत्री ने कहा कि जिले में डग्गामार वाहनों पर अंकुश जारी रहेगा। राज्यमंत्री ने परिसर की सफाई व्यवस्थाओं के साथ टाइम टेबिल पुस्तिका देखी। परिवहन राज्य मंत्री ने शौचालय एवं टायलेट की सफाई देखीं। कड़ी धूप में वे परिसर के दूसरे कोने में बने टायलेट पहुंचे।
दस रुपये की वसूली की शिकायत पर मंत्री ने एआरएम संजीव कुमार से कहा कि ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज कराएं। बाहर दो रुपये का रेट लिखे होने पर राज्यमंत्री संतुष्ट दिखे। उन्होंने पंखों, टीवी, वाटर कूलर के साथ ही बैंच एवं सफाई व्यवस्थाओं को देखा।
बस स्टैंड पर खड़ी आगरा कासगंज रूट की बस में चढ़े राज्यमंत्री ने अंदर की सफाई पर संतोष जताया। एआरएम से कहा कि रूट पर जाने से पूर्व सफाई सुनिश्चित की जाए।
स्टैंड पर बनेंगे रूट प्लेटफार्म
परिवहन राज्य मंत्री ने आईएसबीटी दिल्ली की तर्ज बस स्टैंड पर अलग-अलग रूट के प्लेटफार्म बनाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म के ऊपर बड़े अक्षरों में रूट और शहरों के नाम भी लिखे जाएं। साथ ही कहा कि संबंधित रूट की बसें उसी प्लेटफार्म पर लगें।
एआरएम ने सौंपा प्रस्ताव
बस स्टैंड एवं वर्कशॉप के उच्चीकरण एवं निर्माण के लंबित प्रस्ताव की प्रति मंत्री को सौंपी। जिसमें जलभराव से निजात के लिए बस स्टैंड के लिए 1.93 करोड़ एवं वर्कशॉप के लिए 92 लाख की मांग शामिल है। पूर्व विधायक प्रजापालन वर्मा ने परिवहन राज्यमंत्री को महावीर जी, ऋषिकेश, नैनीताल के लिए बस संचालन का प्रस्ताव सौंपा।
दीनदयाल चौक पर नगर इकाई ने किया स्वागत
परिवहन राज्यमंत्री का मलावन, सैंथरी के अलावा शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर नगर इकाई ने माला पहनाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष डाक्टर दिनेश वशिष्ठ, विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, सत्यपाल सिंह राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सचिन उपाध्याय, प्रदीप गुप्ता भामाशाह, संदीप जैन, पंकज चौहान, अर्पित उपाध्याय, गोपाल शर्मा, विक्रांत माधौरिया, लवली राठौर शामिल रहे।
बस स्टैंड पर नि:शुल्क वाईफाई सेवा शुरू
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार ने परिवहन राज्य मंत्री को शुक्रवार से बस स्टैंड पर निशुल्क वाईफाई सेवा की जानकारी देते हुए बताया कि डिपो ने मई माह में गत वर्ष की तुलना में डेढ़ लाख अधिक यात्रियों को सुविधा दी। साथ ही एक करोड़ 29 लाख रुपए अधिक आय अर्जित की। वहीं जून माह में गत वर्ष की तुलना में 1.40 करोड़ से अधिक आय मिलने की संभावना है।