आगरा। शाहजहां गार्डन के पास से एक युवक ने 4 साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। बच्ची अपने दादा के साथ गार्डन में घूमने आई थी। दादा के पानी पीने के दौरान वह खेलते हुए बाहर निकल गई थी। सीसीटीवी फुटेज में टोपी लगाए एक युवक उसे ले जाते दिखा है। उसे गैर समुदाय का बताया जा रहा है। उधर, जानकारी पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने थाना का घेराव किया। केस दर्ज कर पुलिस टीमों ने छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार पुरानी मंडी का रहने वाला है। पिता एक रेस्तरां में काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी नर्सरी में पढ़ती है। बुधवार दोपहर 12:45 बजे वो घर के बाहर खड़ी थी। उसे उसके दादा शाहजहां गार्डन घुमाने ले गए थे। दोपहर तकरीबन 1:30 बजे वे दोनों बाहर आ रहे थे।
दादा पानी पीने लगे। इसी बीच बच्ची खेलते-खेलते लापता हो गई। उन्होंने तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। इस पर परिजन को घर आकर बताया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों को देखा। एक फुटेज में बच्ची को एक युवक हाथ पकड़कर ले जाता नजर आया। इससे परिवार वाले चिंतित हो गए।
अपहरण की जानकारी पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई। एक टीम को ताजगंज क्षेत्र और दूसरी टीमों को रेलवे और बस स्टेशनों पर लगाया गया। भाजपा के प्रदेश सोशल मीडिया सदस्य ओबीसी मोर्चा प्रदीप राठाैर ने बताया कि घटना की जानकारी पर कार्यकर्ता जुट गए। उन्होंने पुलिस के साथ ही अपने स्तर पर भी तलाश की, लेकिन बच्ची के बारे में पता नहीं चल सका। घटना से आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से जल्द बच्ची की तलाश की मांग की।
ऑटो से गया है युवक
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पुलिस को नजर आया कि बच्ची शाहजहां गार्डन से अकेले बाहर आती है। वह तांगा स्टैंड की तरफ पहुंच गई। वहां उसे युवक मिला। युवक बच्ची को हाथ पकड़कर अपने साथ ले गया। वह चाैराहे से एक ऑटो में बैठा। ऑटो माल रोड की तरफ जा रहा था। पुलिस ने रेलवे और बस स्टेशन पर तलाश की। आशंका है कि ट्रेन और बस से बच्ची को कहीं दूर न ले जाया गया हो।
मां का हाल बेहाल
मां का हाल बेहाल है। वह बेटी को ढूंढने के लिए थाने पहुंच गईं। वह बार-बार बेटी की तलाश के लिए कह रही थीं। वहीं उनकी एक और छोटी बेटी है। वहीं परिजन के अलावा क्षेत्र के साै से अधिक लोगों ने भी पूरे ताजगंज इलाके में तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। उधर, पुलिस ने क्षेत्र में फोटो की मदद से पहचान के प्रयास किए लेकिन किसी ने उसके स्थानीय होने के बारे में नहीं बताया है।