नुमाइश पंडाल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर-बधु के साथ परिजन।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। हर तरफ लाल जोड़े में सजी दुल्हनें और दूल्हों के चमकते सहरे नजर आ रहे थे। वहीं डीएम अविनाश कृष्ण सिंह और सीडीओ विनोद कुमार समेत अन्य अधिकारी अतिथियों का स्वागत कर रहे थे। ये नजारा शनिवार को नुमाइश पंडाल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का था। यहां 371 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थामा।
शनिवार को नुमाइश पंडाल में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह अब तक का सबसे बड़ा और भव्य आयोजन रहा। इसमें 371 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। 348 जोड़ों ने जहां हिंदू रीति रिवाज के साथ फेरे लिए तो वहीं 23 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्रा और समाज कल्याण अधिकारी डॉ. इंद्रा सिंह ने अतिथियों और बरातियों का स्वागत किया। वहीं नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए कार्यक्रम में आबकारी मंत्री रामनरेश अग्रिहात्री, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया, नगर पालिकाध्यक्ष मनोरमा देवी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान भी पहुंचे।
आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अनूठी योजना लागू कर गरीब परिवारों के सिर से बेटी की शादी का बोझ कम किया है। सरकारी खजाने से 51 हजार रुपये खर्च कर भव्य समारोह में बेटियों की शादी कराई जा रही है। जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग और हर समस्या के निदान के लिए योजना बनाई है। आज बेटियों की शादी भव्यता से कराई जा रही है। प्रदेश भर में लगातार ये समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कर उनका लाभ लें।
समारोह में आरसी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं और मथुरा से आए कलाकारों ने स्वागत गीत व लोक नृत्य की मोहक प्रस्तुति दी। सभी अतिथियों ने आशीर्वाद और बधाई देकर नव दंपती को विदा किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक एके राय, एडीएम रामजी मिश्र, सीएमओ डॉ. पीपी सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष नवाब सिंह दिवाकर, परियोजना निदेश केके सिंह, जिला विकास अधिकारी पीके राय, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज वर्मा आदि मौजूद रहे। समाज कल्याण अधिकारी डॉ. इंद्रा सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।