पटाखे चलाने में लापरवाही बरतने पर जलने से 37 मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के लिए आए। इनमें से अधिकांश हाथ, चेहरे पर हल्के जले। ज्यादा जलने पर सात मरीज बर्न यूनिट में भर्ती हुए हैं। इनकी हालत में सुधार है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि दिवाली पर इमरजेंसी में अतिरिक्त व्यवस्था की थी। यहां पर 9 मरीज इलाज कराने के लिए आए। बर्न यूनिट की ऑनलाइन ओपीडी में 21 मरीजों ने लाभ प्राप्त किया। इनके चेहरे, हाथ और गर्दन पर जल गए थे। हालत गंभीर नहीं होने पर इनको फोन पर ही दवाएं लिख दी गईं। हालत गंभीर वाले सात मरीज बर्न यूनिट में भर्ती किए हैं, इनका इलाज चल रहा है। बर्न यूनिट प्रभारी डॉ. दीपशिक्षा ने बताया कि 21 मरीजों में अधिकांश बच्चे रहे। अगर किसी के जलने की परेशानी बनी है तो 9412715308 पर फोन कर परामर्श ले सकते हैं।
सांस-अस्थमा और आंखों की एलर्जी के बढ़े मरीज
मौसम में बदलाव और प्रदूषण बढ़ने से सांस, अस्थमा और एलर्जी के मरीजों की संख्या अधिक रही। एसएन मेडिकल कॉलेज के वक्ष एवं क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण के कारण ओपीडी में सीने में जकड़न, छाती में दर्द, सूखी खांसी, बलगम अधिक आने की परेशानी के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं। नौ मरीज भर्ती किए गए हैं, जिसमें से अस्थमा अटैक के दो मरीज हैं।
अन्य मरीज सांस और अस्थमा के रहे, जिनकी हालत खराब होने पर ऑक्सीजन देनी पड़ रही है। नाक-कान और गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिल प्रताप सिंह ने बताया के धूल-धुआं के कारण नाक में एलर्जी हो रही है। गले में खराश और सूजन के कारण दर्द की परेशानी भी हो रही है। अभी मरीजों की संख्या और बढे़गी।