बरनाहल(मैनपुरी)। गांव दलेलनगर में गुरुवार को चोरी के आरोपी को पकड़ने पहुंचे तेलंगाना पुलिस के दो सिपाहियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। बदमाश समझकर उनकी पिटाई भी की। आरोप है कि दोनों सिपाही सादा कपड़ों में एक घर में जबरन घुस गए थे। जानकारी होने पर स्थानीय पुलिस ने गांव पहुंचकर दोनों सिपाहियों को मुक्त कराया।
थाना क्षेत्र के गांव दलेलनगर में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दो युवक एक घर में जबरन घुस गए। परिजनों के चीख पुकार मचाने पर ग्रामीणों ने दोनों युवक को पकड़कर घर में ही बंधक बना लिया। युवकों को बदमाश समझकर उनके साथ मारपीट की गई। इसी बीच सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पकड़े गए युवकों को हिरासत में लिया।
जब उनसे पूछताछ की गई तो युवकों ने खुद को तेलंगाना पुलिस का सिपाही बताया। उन्होंने अपने नाम श्रीनू सिंह व नर सिंह बताए। उन्होंने बताया कि वह तेलंगाना के थाना पहाड़ी सेरकी शमसाहबाद में तैनात कांस्टेबल हैं। दोनों ने अपना परिचय पत्र दिखाया। इसके बाद पुलिस ने उनसे आरोपी के संबंध में जानकारी ली।
तेलंगाना पुलिस के कांस्टेबल श्रीनू सिंह और नर सिंह ने बताया कि थाना पहाड़ी सेरकी शमसाहबाद क्षेत्र में एक प्लास्टिक बनाने वाली फैक्ट्री के मालिक ने यहां काम करने वाले चंद्रवीर सिंह, गोलू निवासी शरदपुर थाना सकीट एटा व नेकराम के विरुद्ध ढाई लाख की चोरी का मामला दर्ज कराया है। एक आरोपी गोलू को एटा से गिरफ्तार किया जा चुका है।
उसकी निशानदेही पर गांव दलेलनगर में चंद्रवीर की तलाश में आए थे। गांव में चंद्रवीर की ससुराल है। उसके वहां छिपे होने की सूचना मिली थी। वहीं सिपाहियों को बंधक बनाने के दौरान पकड़ा गया चोरी का आरोपी भी उनके हाथ से निकल गया। गांव दलेल नगर निवासी प्रताप सिंह के परिजन गुरुवार की दोपहर गांव में एक अंतिम संस्कार में गए थे।
घर पर पुत्री कविता और अंजली ही मौजूद थीं। इस दौरान सादा कपड़ों में दोनों सिपाही घर में घुस गए। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार जब युवती ने विरोध किया तो धमकाने लगे। युवतियों के शोर मचाने पर जमा हुए ग्रामीणों ने बदमाश समझकर पिटाई कर दी और बंधक बना लिया।