एटा। जिले में छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी है। जिले का परीक्षा परिणाम का प्रतिशत भी छात्राओं ने ही बढ़ा दिया। हाईस्कूल में 85.22 फीसदी छात्राएं सफल रहीं जबकि सफल छात्रों का प्रतिशत 75.06 फीसदी है। वहीं इंटर में सफल रहे 62.89 फीसदी छात्र और छात्राओं का प्रतिशत 78.29 है। जबकि छात्र 62.89 फीसदी ही सफल रहे।
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र शनिवार को सुबह से ही बेचैन थे। साल भर की गई पढ़ाई का रिजल्ट जानने को उत्सुक छात्र-छात्राएं बार बार घड़ी देखते रहे। जैसे ही घड़ी में एक बजा सभी मोबाइल में अपना परिणाम देखने में जुट गए। कुछ स्कूल पहुंचे तो कुछ साइबर कैफे पर अपना परिणाम जानने पहुंच गए। जनपद में हाईस्कूल में जहां छात्रों ने वहीं इंटर में छात्राओं ने अपना दबदबा कायम किया।
जनपद का हाईस्कूल का परिणाम 79.12 प्रतिशत रहा, वहीं इंटरमीडिएट का परिणाम 69.19 फीसदी तक ही रहा। इनमें हाईस्कूल में मारहरा के एमजीएचएम इंटर कॉलेज के छात्र ओमशांत यादव ने 92.83 फीसदी अंक पाकर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं हाईस्कूल में दूसरे स्थान पर शहर के श्रीराम बाल भारती इंटर कालेज के आदित्य कुमार सिंह 91.50 और अलीगंज कैल्ठा के जनता इंटर कालेज की छात्रा सौम्या ने 91.33 फीसदी अंक पाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इंटर में अलीगंज के आर डी इंटर कालेज की छात्रा सृष्टि यादव ने 90.60 फीसदी अंक पाकर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शहर के श्रीराम बाल भारती इंटर कालेज के शुभम पांडेय ने 87.80 ने दूसरा और शिवम यादव ने 85.80 फीसदी अंक पाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं आरडी इंटर कालेज की छात्रा कीर्ति 85.60 फीसदी अंक के साथ तृतीय और 85 फीसदी अंक के साथ एसजीएस इंटर कालेज मोकमपुर एटा की छात्रा भावना रानी जिले में पांचवे स्थान पर रहीं। इस बार छात्राओं से टक्कर लेने में छात्र पीछे नहीं रहे। हाईस्कूल में टॉप-टेन में जहां दस में आठ छात्र रहे वहीं इंटर में टॉप टेन में कुल 12 छात्र छात्राएं शामिल रहे, इनमें पांच छात्र ही स्थान बना पाए।