एटा। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आवंटित बोर्ड उत्तरपुस्तिकाएं जिले को नहीं मिल सकी हैं। इनमें इंटर की 16431 एवं हाईस्कूल की 42 हजार कापियां कम हैं। ऐसे में पर्याप्त पारिश्रमिक न मिलने से परीक्षक मायूस रहे।
बोर्ड मूल्यांकन के दौरान अव्यवस्थाएं परीक्षकों पर भारी पड़ रही हैं। विषयों में विसंगतियों के चलते दर्जनों परीक्षक मूल्यांकन नहीं कर सके। वहीं कम कापियों के चलते कई विषयों में पर्याप्त मूल्यांकन कार्य नहीं हो सका है। प्रधानाचार्य और डिप्टी हेड सोमेश शर्मा ने बताया कि एकल परीक्षा के चलते इंटर में कापियां आधी हो गईं।
रही सही कसर बोर्ड द्वारा 58 हजार से अधिक कापियां न भेजने से पूरी हो गई। परीक्षकों की नियुक्ति उत्तर पुस्तिकाओं के आधार पर किया जाता है। सह उपनियंत्रक गंगा बख्श यादव ने बताया कि गत वर्ष से दो लाख कापियां कम आवंटित हुईं हैं। 70-80 किलोमीटर दूर से आने वाले परीक्षकों का कहना है कि प्रतिदिन दो सौ रुपये किराया खर्च करने के बाद भी उन्हें पर्याप्त कापियां नहीं मिल सकीं।