मथुरा। सोमवार को भी सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंधमारी का सिलसिला थमा नहीं। परीक्षा के दूसरे दिन पुलिस ने एक मुन्नाभाई और तीन नकलचियों को पकड़ा है। मुन्नाभाई 40 हजार रुपये में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। जबकि दो परीक्षार्थी आपस में कॉपी बदलते हुए पकड़े गए। वहीं, एक परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष तक मोबाइल ले जाने की वजह से पकड़ा गया।
सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन एसटीएफ और पुलिस की कार्रवाई से खलबली मची रही। वहीं, सोमवार को पुलिस ने सख्ती बरती तो मुन्नाभाई के अलावा तीन अन्य परीक्षार्थी पकड़े गए। गोविंदनगर पुलिस ने महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज से एक मुन्नाभाई को पकड़ा गया।
सीओ सिटी विजय शंकर मिश्र और प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि पकड़ा गया मुन्नाभाई राजकुमार पुत्र रणवीर सिंह निवासी नगला हंसी, टूंडला फिरोजाबाद है। वह जितेंद्र यादव पुत्र भूरी सिंह निवासी लतीफपुर, सिंघी फिरोजाबाद के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। उसके पास से एडमिटकार्ड और फर्जी आईडी बरामद हुई है। मुन्नाभाई ने जितेंद्र से 40 हजार रुपये में सौदा तय किया था।
इसके अलावा गोविंदनगर पुलिस ने कृष्णचंद गांधी स्कूल से आपस में कॉपी बदलते हुए रामप्रताप पुत्र शंकरलाल निवासी पिनाहट आगरा और भीमसेन पुत्र कालीचरन निवासी अहीरपुरा, फतेहाबाद आगरा को पकड़ा है। इन दोनों परीक्षा अधिनियम के तहत पकड़ा गया है।
उधर, हाईवे पुलिस ने गिर्राज महाराज कॉलेज, मुड़ेसी से नरेश कुमार पुत्र अतर सिंह निवासी बनियाखेड़ा, गोंडा अलीगढ़ को परीक्षा कक्ष तक मोबाइल लेकर घुसने पर पकड़ा है। प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज ने बताया कि परीक्षा अधिनियम में कार्रवाई की गई है।
कक्ष निरीक्षक बनकर परीक्षा केंद्र में घुसा सॉल्वर, पकड़ा
मथुरा। सिपाही भर्ती परीक्षा में महावन पुलिस ने एक सॉल्वर पकड़ा है। यह सॉल्वर गोकुल में पंडित मधुसूदन लाल इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षक बनकर घुसा था। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि पकड़ा गया सॉल्वर इलाहाबाद के बढनपुरा निवासी विमल पुत्र दीनानाथ है। यह पेपर आउट कराने की फिराक में था और कक्ष निरीक्षक बनकर परीक्षा केंद्र में घुसा था। इसके खिलाफ स्कूल के प्रधानाचार्य श्रीकृष्ण शर्मा ने फर्जीवाड़े का मुकदमा थाना महावन में दर्ज कराया है। फिलहाल पकड़े गए सॉल्वर से पूछताछ की जा रही है। इसके पास से ऐसी कोई डिवाइस वगैरह नहीं मिली है।
‘सिपाही भर्ती परीक्षा में सॉल्वरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शांतिपूर्ण परीक्षा कराई गई। आगे भी परीक्षा नकलविहीन कराई जाएंगी। किसी भी कीमत पर सॉल्वरों के मंसूबे पूरे नहीं होने दिए जाएंगे।’
सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी