मथुरा। जमुनापार के पानीगांव तिराहे पर सोमवार की सुबह कार की टक्कर से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। सिक्योरिटी गार्ड वृंदावन में आश्रम से ड्यूटी करके गांव लौट रहा था। सूचना पर पहुंची जमुनापार पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। गुस्साए ग्रामीणों ने पानी गांव तिराहे पर जाम लगा दिया।
मुआवजे और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे ग्रामीणों को पुलिस अफसरों ने समझाकर आधे घंटे बाद जाम खुलवा लिया। थाना मांट के नगला दीपा निवासी राजेेंद्र सिंह (43) पुत्र लक्ष्मण सिंह वृंदावन के एक आश्रम में सिक्योरिटी गार्ड था। सोमवार को रात की ड्यूटी खत्म करने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था।
वह पानीगांव तिराहे के पास पहुंचा ही था कि पीछे से कार ने टक्कर मार दी। साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मौका पाकर चालक कार लेकर भाग खड़ा हुआ। सड़क हादसे की खबर गांव में पहुंची तो गुस्साए ग्रामीणों ने पानी गांव तिराहे पर जाम लगा दिया। जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।
सूचना पर अन्य थानों का फोर्स भी पहुंच गया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर उनको शांत कराया। कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को मानते हुए जाम को खुुलवा दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे प्रदीप ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।