शंकराचार्य से आशीर्वाद लेतीं सांसद हेमामालिनी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
वृंदावन (मथुरा)। उड़िया बाबा आश्रम में चातुर्मास व्रत कर रहे द्वारका शारदापीठाधीश्वर एवं ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के दर्शन के लिए गुरुवार को अभिनेत्री एवं मथुरा की सांसद हेमा मालिनी पहुंचीं। हेमा मालिनी ने शंकराचार्य के चरणों में पुष्प, नैवेध और वस्त्र अर्पित किए तथा शंकराचार्य आशीर्वाद प्राप्त किया। सांसद हेमा मालिनी ने स्वरूपानंद सरस्वती शंकराचार्य द्वारा रचित सौंदर्य लहरी स्तोत्र सुनाए। शंकराचार्य के साथ सांसद की ब्रज क्षेत्र के विकास पर चर्चा हुई।
प्रवचन के दौरान शंकराचार्य स्वरूपानंद ने कहा कि आजकल एक संस्था खड़ी हो गई है अखिल भारतीय विद्वत परिषद् जो कि नकली शंकराचार्य बनाने का कार्य कर रही है। इसने पिछले दिनों नेपाल में पशुपति नाथ पीठ बना डाली जबकि इस तरह की कोई पीठ पूर्व में नहीं है।
अब यहां पर एक महिला को शंकराचार्य बनाया है जबकि कोई भी महिला शंकराचार्य पद पर आसीन नहीं हो सकती, ऐसा विधान आदि शंकराचार्य ने किया है। इस अवसर पर केरल की आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।