मथुरा। द्वारिकाधीश मंदिर में चल रहे सावन महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को गुलाबी मखमल का हिंडोला सजाया गया। राजाधिराज का शृंगार व पोशाक भक्त निहारते रहे। ठाकुर जी के नयनाभिराम दर्शन को भक्तों की भीड़ मंदिर में लगी रही।
शनिवार को मंदिर में गुलाबी मखमल का हिंडोला बनाकर ठाकुर जी को विराजमान किया गया। आकर्षक छवि को निहारने के लिए भक्तों की भीड़ एक ही स्थान पर जमी रही। मंदिर प्रागंण राजाधिराज के जयघोषों से गूंज उठा। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि रविवार को लाल कपड़े व मोती का हिंडोला सजाया जाएगा। इस दौरान मंदिर के अधिकारी श्रीधर चतुर्वेदी, हरीश चतुर्वेदी, अमित चतुर्वेदी, सुरेश शर्मा, अजय भट्ट, बनवारी लाल, ब्रजेश चतुर्वेदी, राजीव चतुर्वेदी, दीनानाथ, कन्हैया लाल आदि मौजूद रहे।