मथुरा। औरंगाबाद की डिफेंस कालोनी में जलभराव से परेशान लोग गुरुवार को भड़क गए। औरंगाबाद की ओरियंटल बैंक के सामने मथुरा-आगरा मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर ट्रैक्टर और बैंड की ट्राली लगाकर लोग प्रशासनिक व्यवस्थाओं की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। दो घंटे तक लगे जाम पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया।
थाना सदर बाजार के औरंगाबाद के पास ही डिफेंस कालोनी है। इस कालोनी में बारिश के बाद मार्ग में कीचड़ होने से लोगों का निकलना दुश्वार हो गया है। बच्चे स्कूल पढ़ने के लिए नहीं जा पा रहे। काफी दिनों से परेशान कालोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने मथुरा-आगरा मार्ग को जाम कर दिया।
दो घंटे तक जाम लगाने वाले कालोनी के लोग प्रशासनिक व्यवस्थाओं को कोस रहे थे। उनका कहना था कि अभी तक उनकी कोई सुध नहीं लेने आया। जाम लगने के एक घंटे बाद पहुंची सदर बाजार पुलिस ने काफी समझाया। एक घंटे तक समझाने वाली पुलिस को सफलता मिल गई। जाम खुलने के बाद लंबी-लंबी वाहनों की लगी कतारें रेंग-रेंग चलने लगी। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने बताया कि जाम को खुलवा दिया गया।