मथुरा। अब मथुरा में रहना महंगा होने जा रहा है। नगर निगम ने हाउस टैक्स, सीवर टैक्स, सबमर्सिबल टैक्स के साथ ही पानी का मासिक शुल्क भी बढ़ा दिया है। इन प्रस्तावों को बोर्ड की बैठक में रखा गया था जिसे पास कर दिया गया है। पहली दफा मथुरा वालों को सीवर टैक्स और सबमर्सिबल टैक्स भी देना होगा।
नगर निगम की बोर्ड बैठक में सीवर कर सहित गृहकर बढ़ाए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई। निगम द्वारा पहले से मथुरा में .5 प्रतिशत तथा वृंदावन में एक प्रतिशत अधिक कर लगाया जाएगा। नगर निगम की बोर्ड बैठक में 10 प्रतिशत गृहकर, 10.5 प्रतिशत जलकर तथा 2.5 प्रतिशत सीवर कर पर मुहर लग गई। इसके लागू होने से मथुरा में .5 प्रतिशत तथा वृंदावन में एक प्रतिशत वार्षिक कर की वृद्धि हुई है।
अभी तक मथुरा में 7.5 गृहकर तथा 15 प्रतिशत जलकर वसूला जाता था। सीवर कर पहली दफा लागू किया गया है। जबकि वृंदावन में 10 प्रतिशत गृहकर, 10 प्रतिशत जलकर तथा दो प्रतिशत सीवर कर लागू था। पार्षदों ने उस प्रस्ताव पर संशोधन की मांग की, जिसमें घरेलू कनेक्शन पर न्यूनतम 75 रुपये तथा कामर्शियल पर प्रतिमाह 200 रुपये निर्धारित किया गया है।
जबकि आरओ पर 25 हजार राशि के प्रस्ताव को पास कर दिया। सबमर्सिबल पर पांच हजार रुपये फीस लगाने का विरोध वार्ड 24 के पार्षद राजवीर चौधरी व अन्य पार्षदों ने किया। बैठक में डॉ. मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त समीर वर्मा ने पार्षदों के आपत्तियों के जवाब दिए।
पार्षद पति ने काटा हंगामा
मथुरा। महापौर के कई दफा सदन से बाहर निकलने की कहने के बाद बोर्ड बैठक में बैठे पार्षद पति भड़क गए। वार्ड 59 की पार्षद नीलम खंदौली के पति हेमंत खंदौली ने तो इसे लेकर हंगामा काट दिया। उनके द्वारा पत्नी नीलम खंदौली के इस्तीफे की धमकी तक दे डाली और महापौर के समक्ष तक पहुंच गया। इस पर महापौर ने भी कड़े शब्दों में उन्हें सदन से निकल जाने को कहा। दोनों और से तड़का भड़की से सदन का माहौल गरमा गया। इस दौरान स्वयं महापौर के वार्ड की पार्षद माला महावर के पति भी भड़क गए। इस दौरान सदन में बसपा पार्षद के पति और अन्य पार्षद पति भी मौजूद रहे। जानकारी इस घटनाक्रम के बाद भी कई पार्षद पति सदन में मौजूद रहे।
वृंदावन में लगेगी गोस्वामी तुलसीदास की मूर्ति
अतिरिक्त प्रस्ताव भाजपा के पार्षद दल के उपनेता राधा कृष्ण पाठक द्वारा रमणरेती में गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा लगाए जाने की मांग की। जिसे सदन ने पास कर दिया। इसके अलावा पार्षद राजेश सिंह पिंटू और रामदास चतुर्वेदी ने कट्टीघर बंद होने के बाद उसकी भूमि पर पार्क, पार्षदों को पास बनाए जाने संबंधी प्रस्ताव भी पास हुआ।
सफाई के लिए वृंदावन के पार्षद हुए एकजुट
वृंदावन में सफाई के मुद्दे को लेकर वृंदावन के सभी दलों के पार्षद एकजुट हो गए। उनके द्वारा सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ने की मांग की।