वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन मथुरा रोड पर लगे जाम को खुलवा रही पुलिस से सीआरपीएफ का जवान भिड़ गया। उसने दरोगा के साथ मारपीट की। पुलिस ने जवान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सीआरपीएफ के मुख्यालय को भी रिपोर्ट भेजी गई है।
शुक्रवार की रात पुलिस वृंदावन-मथुरा मार्ग पर पागल बाबा मंदिर के समीप नो एंट्री पर लगे वाहनों के जाम को खुलवा रही थी। तभी मथुरा मार्ग की ओर से सीआरपीएफ का जवान तरुण लवानिया परिवार के साथ गाड़ी लेकर आया और वृंदावन में प्रवेश करने की कोशिश करने लगा। इसे लेकर पहले सिपाही से तरुण लवानिया का विवाद हो गया।
वह जबरन वृंदावन में गाड़ी ले जाने पर अड़ गया। तभी अध्धा चौकी प्रभारी चंद्रभान सिंह वहां आए और तरुण लवानिया को समझाने का प्रयास करने लगे। इसे लेकर पहले दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद मारपीट हो गई। इसके बाद पुलिस ने तरुण को गिरफ्तार कर लिया।
चौकी प्रभारी चंद्रभान सिंह ने सीआरपीएफ के जवान तरुण लवानिया के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि आगरा का रहने वाला तरुण वर्तमान में जयपुर में तैनात है। पुलिस ने सीआरपीएफ के मुख्यालय को भी रिपोर्ट भेज दी है।