फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित टापाखुर्द में मंगलवार रात 11.30 बजे 11 हजार का तार टूट कर मकानों पर गिर गया। इससे घरों में करंट दौड़ गया। करंट से एक गर्भवती महिला सहित कई झुलस गए। घटना के आक्रोशित जनता ने बुधवार सुबह साढ़े छह बजे सड़क पर बल्लियां रखकर डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा और नारेबाजी की।
टापाखुर्द में कई मकानों के ऊपर से 11 हजार की लाइन गुजर रही है। क्षेत्र में हजारों की आबादी होने के बाद भी विद्युत विभाग ने लाइन शिफ्ट नहीं कराई। मंगलवार रात 11.30 बजे जब अधिकांश लोग सो चुके थे, तभी शार्ट सर्किट होने के कारण 11 हजार का तार टूट कर मकानों पर गिर गया, जिससे गहरी नींद में सो रहे लोगों में भगदड़ मच गई।
इसी भगदड़ में नीतू (18) पुत्री अनिल कुमार, रीता पत्नी राहुल कुमार जो आठ माह की गर्भवती है, वह गंभीर रूप से झुलस गए। गंभीर घायल होने पर नीतू व रीता को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इसके अलावा संयोगिता पत्नी अनिल कुमार, निर्मला देवी पत्नी तेज सिंह, मोहित, राहुल पुत्रगण तेज सिंह, शीटू पुत्र अनिल कुमार, प्रेमादेवी भी करंट लगने से झुलस गईं।
घटना से आक्रोशित लोगों द्वारा जाम लगाए जाने की सूचना पर एसओ उत्तर प्रवेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्र की जनता को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। अधिकारियों को फोन कर तत्काल विद्युत विभाग की टीम को बुलाकर तार ठीक कराए।