वृंदावन (मथुरा)। मथुरा वृंदावन रोड पर बड़ा हादसा होने से बच गया। मिनी ट्रक से बचने के प्रयास में एक स्कूल वैन डिवाइडर से जा टकराई। घटना में शिक्षिका और वैन चालक घायल हो गए। वहीं, स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे।
मंगलवार की दोपहर वात्सल्य ग्राम परिसर में स्थित संविद गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में छुट्टी होने के बाद वैन चालक जगवीर सिंह बच्चों और शिक्षिका को उनके घर छोड़ने के लिए निकला था। जगवीर वैन को लेकर वृंदावन की ओर आ रहा था।
इसी दौरान वृंदावन पेट्रोल पंप के सामने हरिवंश नगर कालोनी की ओर से गलत दिशा से एक तेज रफ्तार टाटा मिनी ट्रक निकल आई। यह देख चालक जगवीर ने टक्कर से बचने और वैन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक स्कूल वैन डिवाइडर से जा टकराई।
घटना में चालक जगवीर के साथ ही शिक्षिका कविता दुबे घायल हो गए, जबकि वैन में सवार बच्चे बाल-बाल बचे। उधर, मिनी ट्रक का चालक अपना ट्रक लेकर भाग खड़ा हुआ। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने बच्चों को वैन से उतारकर सड़क किनारे खड़ा किया।
सूचना मिलने पर पुलिस और विद्यालय के निदेशक शिशुपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। चालक और शिक्षिका को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। वहीं, बच्चों को दूसरी वैन से घर भेजा। विद्यालय निदेशक शिशुपाल सिंह ने बताया कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।