फिरोजाबाद। चंद्रवार गेट रेलवे पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से कैंटर चालक की मौत हो गई। लाइन के किनारे शव पड़ा देख काफी भीड़ एकत्रित हो गई। जानकारी होते ही जीआरपी के एसएचओ व थाना दक्षिण का फोर्स पहुंच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना दक्षिण क्षेत्र के चंद्रवार गेट रेलवे लाइन के किनारे एक टाटा कैंटर लावारिस हालत में खड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ विनोद कुमार व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लाइनपर जाकर देखा तो एक युवक का शव पड़ा था। मामला रेलवे लाइन का होने के कारण तत्काल जीआरपी के इंचार्ज को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। जीआरपी टीम ने शव को कब्जे में लेने के साथ पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
स्टेशन पहुंचे मृतक के परिजनों ने उसकी शिनाख्त थाना जसराना के कौरारा बुजुर्ग निवासी धर्मेंद्र कुमार (30) पुत्र रनवीर सिंह जाटव के रूप में की। परिजनों ने बताया धर्मेंद्र का पत्नी धनदेवी से विवाद चल रहा है। इसके कारण पत्नी अपने ही मायके टापाकलां में पिता के पास रहती है। उसका बड़ा बेटा लक्ष्मण उसके साथ व दूसरा बेटा पत्नी के साथ में रहता है।
बड़े बेटे को अपनी बहन राधा पत्नी लायक सिंह के पास रखता है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को देररात बहन के घर ही जा रहा होगा। गाड़ी को रोड पर खड़ी करके शौचालय को रेलवे लाइन की ओर गया है। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ जाने के कारण उसकी मौत हो गई।