मथुरा। विकास प्राधिकरण के सचिव ने गोवर्धन चौराहे के निकट नव निर्मित कालोनी के पांच प्लाट सील करने के आदेश दिए हैं। कालोनाइजर बिना नक्शा स्वीकृति के ही पांच प्लाट पर निर्माण कार्य करा रहा है।
गोवर्धन चौराहे के निकट गिर्राज रेजीडेंसी के नाम से कालोनी काटी जा रही है। प्राधिकरण को शिकायत मिली कि कालोनाइजर इसमें बिना नक्शा स्वीकृति के ही अवैध निर्माण करा रहा है। पांच प्लाट पर अवैध निर्माण रोकने संबंधी प्राधिकरण ने नोटिस दिया। इसके बाद भी निर्माण कार्य किया जा रहा है। विकास प्राधिकरण सचिव रमेश चंद ने बताया कि पांच प्लाट को सील करने के आदेश किए गए हैं। जल्द ही इन प्लाट को सील कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कालोनी के अन्य प्लाट की जांच कराई जा रही है।