मथुरा। टीबी की बीमारी को लेकर प्रदेश के अतिसंवेदनशील जनपदों में शामिल मथुरा में इसके प्रतिरक्षण कार्यक्रम की निगरानी का जिम्मा शासन ने डीएम को सौंपा है। इसके लिए गठित जनपदीय टास्क फोर्स की कमान डीएम को साैंपी गई है, जो हर दूसरे माह कार्यक्रम की समीक्षा करेंगे।
जनपद में संभावित टीबी के रोगियों की पहचान के लिए चलाए गए कार्यक्रम के बाद अब शासन ने जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया है। इसका अध्यक्ष डीएम को बनाया गया है, जबकि उपाध्यक्ष सीएमओ और सदस्य सचिव जिला क्षय रोग अधिकारी को नामित किया है। इनके अलावा टीबी प्रतिरक्षण के लिए इस टास्क फोर्स में टीबी रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, सीएमओ द्वारा नामित एक चिकित्साधिकारी के साथ एक एनजीओ भी शामिल रहेगा। निर्देश दिए गए हैं कि इस टास्क फोर्स की बैठक हर दूसरे माह के प्रथम मंगलवार को होगी। इसकी रिपोर्ट से डीएम के स्तर से शासन को अवगत कराया जाएगा।
गौरतलब रहे कि टीबी प्रतिरक्षण प्रधानमंत्री के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हो गया है, जिसमें इस बीमारी को देश से 2024 तक खत्म करने की समय सीमा तय की गई है। इसे लेकर शासन ने भी प्राथमिकता तय कर दी हैं। हाल ही में जनपद स्तर पर घर-घर टीबी मरीजों की काउंसलिंग के बाद 83 नए मरीज सामने आए हैं।