नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना
- फोटो : amar ujala
मैनपुरी। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा, बसपा और कांग्रेस को फ्यूज ट्रांसफार्मर की संज्ञा दी है। कहा कि समाज को साफ सुथरा बनाना केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य है। इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मिलकर काम कर रहे हैं। निकाय चुनाव में इसका असर भी दिखाई देगा। भाजपा के आगे कोई पार्टी टिकेगी नहीं। वे बुधवार को नगर के टॉजिस्ट हास्टल में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
नगर विकास मंत्री बुधवार को नगर में विकास कार्यों का शिलान्यास करने आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश तथा प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए केंद्र व राज्य सरकारें लगातार प्रयास कर रहीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आमजन के हितों की योजनाओं पर काम कर रहे हैं।
वर्ष 2022 तक प्रत्येक शहरी व ग्रामीण नागरिक को आवास उपलब्ध होगा। उन्होंने स्वच्छता अभियान पर विशेष बल दिया। कहा कि नगर क्षेत्र में प्रत्येक वार्ड में स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समितियों का गठन किया जाएगा। दावा किया कि भाजपा ही एक शक्ति से परिपूर्ण संचालित ट्रांसफार्मर है।
जो देश और प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाएगा। प्रदेश के विकास के लिए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, गड्डा मुक्त सड़कें तथा स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान वे पत्रकारों के सवालों से बचते रहे। मौके पर विधायक रामनरेश अगिभनहोत्री, जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान आदि लोग मौजूद रहे।