रोशनी के पर्व दिवाली पर गुरुवार को खुशियों के दीप रोशन हुए। जिले में उत्साह और उमंग के साथ दीपोत्सव मनाया। घर-घर गणेश-लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने आतिशबाजी चलाकर जश्न मनाया।
दीपोत्सव को लेकर पिछले कई दिनों से लोगों में उत्साह नजर आ रहा था। बाजारों में खरीदारी के साथ पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं। गुरुवार को सुबह से ही पर्व का उल्लास नजर आया। सुबह से घरों में पूजन-अर्चना की तैयारियां शुरू हो गईं। शाम को घरों में लोगों ने गणेश-लक्ष्मी का विधिविधान से पूजन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। लोगों ने नए परिधान पहनकर पूजा में भाग लिया। इसके बाद एक-दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं देने का सिलसिला चल पड़ा। उधर, बच्चों ने पटाखे और आतिशबाजी चलाकर जशभन मनाया। इस दौरान रात भर आसमान रंगीन आतिशबाजी से सराबोर दिखा। पटाखों का सभी ने मिलकर आनंद लिया।
बाजार में दिखा उल्लास
पर्व का उल्लास बाजार में भी नजर आया। गुरुवार सुबह से बाजार में खरीदारी को भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ उमड़ने से बाजारों में जाम के हालात बने रहे। जिले भर में पर्व पर 40 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
करोड़ों की बिक गई मिठाई
पर्व पर मिष्ठान्न विक्रेताओं की खूब चांदी हुई। मिठाई खरीदने के लिए लोगोें की खूब भीड़ लगी रही। आलम यह रहा कि लोगों को मिठाई खरीदने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। पूजन और एक-दूसरे को गिफ्ट के तौर पर मिठाई देने के लिए लोगों ने जमकर डिब्बे तैयार कराए। जिले भर में मिठाई का करीब तीन करोड़ का कारोबार हुआ।
दिखा चाइना बहिष्कार का असर, खूब बिके दिए
देशभर में चल रहे चाइना उत्पादों के बहिष्कार का असर जिले में नजर आया। इसके चलते मिट्टी के दीपकों की जमकर खरीदारी हुई। वहीं चाइना झालरों और उत्पादों से लोगों ने परहेज किया। गुरुवार को दियों के दाम 20 रुपये दर्जन से बढ़कर 30 रुपये दर्जन तक हो गए।
देर रात तक बिके पटाखे
जिले में दिवाली पर पटाखों का कारोबार भी करोड़ोें रुपये का हुआ। हालांकि ज्यादा तेज आवाज वाले पटाखों को लेकर क्रेज कम नजर आया। शहर के सैनिक पड़ाव पर देर रात तक पटाखों की बिक्री हुई। पड़ाव मेें पटाखे खरीदने को भी भीड़ उमड़ी।
जमकर बिके फूल और मालाएं
जिले में पूजा के लिए गेंदा के फूल और मालाएं जमकर बिकीं। शहर के मेहता पार्क, घंटाघर और रेलवे रोड पर विक्रेताओं के यहां लोगों की भीड़ नजर आई। इस दौरान फूलों के दाम 110 रुपये किलो से लेकर 150 रुपये किलो तक रहे। लोगों ने घर और दुकानों को फूलों की लड़ियों और माला से सजाया।