आगरा। केंद्रीय आयुध भंडार के आसपास प्रतिबंधित क्षेत्र में धड़ाधड़ निर्माण हो रहे हैं। आयुध भंडार के अधिकारियों ने थाना सदर बाजार पुलिस को मामले में तहरीर दी है। उधर वन विभाग ने ताजमहल के पास बन रहे रेस्टोरेंट के खिलाफ आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) से कार्रवाई की मांग की है।
केंद्रीय आयुध भंडार के सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि चावली निवासी रामजीलाल यादव ने केंद्रीय आयुध भंडार की बाउंड्रीवाल से करीब 225 गज की दूरी पर निर्माण कर लिया है। मौजूदा नियम के मुताबिक आयुध भंडार के 270 गज की दूरी तक कोई निर्माण नहीं किया जा सकता। इसी गांव के विमलेश ने भी प्रतिबंधित दायरे में निर्माण किया है।
वहीं सामाजिक वानिकी के प्रभागीय निदेशक मनीष मित्तल ने एडीए को पत्र लिखकर ताजमहल के पूर्वी गेट से फतेहाबाद रोड पर केला कोल्ड स्टोर के पास निर्मित रेस्टोरेंट को ध्वस्त करने की मांग की है। ये प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। एक शिकायत भगवान टाकीज के पास स्थित संरक्षित स्मारक के पास नेहरू नगर में हो रहे अवैध निर्माण के संबंध में की गई है। आरोप है कि यह निर्माण एडीए के इंजीनियरों की मिलीभगत से किया जा रहा है।