जैथरा (एटा)। केनरा बैंक पर रात को गश्त कर रहे एचसीपी प्रेमपाल तेज रफ्तार बस का पहिया निकलने और उसकी चपेट में आने से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया। लेकिन आगरा जाते वक्त एससीपी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस लाइन में मृतक को अधिकारियों ने नम आंखों से सलामी दी।
जनपद मथुरा थाना राया के नगला अर्जुन निवासी एचसीपी प्रेमपाल (52) थाना जैथरा में दो साल से तैनात थे। शनिवार देर रात करीब दस बजे वह कस्बा जैथरा स्थित केनरा बैंक के पास गश्त कर रहे थे। उसी समय फर्रुखाबाद से एटा की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार प्राईवेट बस का पहिया निकल गया और एचसीपी उसकी चपेट में आ कर घायल हो गए। पहिए की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसकी चपेट में आने से एक इको वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल एचसीपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया। आगरा ले जाते समय रास्ते में घायल प्रेमपाल ने दम तोड़ दिया। हादसे में मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद एचसीपी के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन में एसएसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी संजय सिंह और सीओ ने नम आंखों से सलामी दी। परिवारीजनों ने बताया कि मृतक पुलिस में 1978 में भर्ती हुए थे। अगले साल जुुलाई में वह सेवानिवृत्त होने वाले थे।
--------
तबादले के बाद भी नहीं हुई रवानगी
जैथरा थाने में तैनात एचसीपी का काफी दिन पहले अधिकारियों ने जलेसर थाने के लिए स्थानांतरण कर दिया था। लेकिन थाने से उन्हें रिलीव यह कहकर नहीं किया गया कि वे अपनी विवेचनाएं निस्तारित करके जाए। रवानगी न होने और हादसे में एचसीपी की मौत होने पर परिवारीजनों में थाना प्रभारी के खिलाफ आक्रोश है।
कई थानों से रवाना नही हुए पुलिस कर्मी
अधिकारियों के आदेश की थाना प्रभारी जमकर अवहेलना कर रहे है। अधिकारियों के सिपाही, एचसीपी और मुंशी के स्थानांतरण करने के आदेश के बाद भी थाना प्रभारी उन्हें दूसरे थाने के लिए रवाना नहीं कर रहे है। इसके चलते जहां पुलिस कर्मी परेशान हैं तो अधिकारी आदेश का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं।