मथुरा। शनिवार की रात को चंदनवन कालोनी समेत शहर की दस कालोनियां अंधेरें में रहीं। भूमिगत केबिल फुंक जाने से संकट खड़ा हो गया था। रविवार की सुबह को ही बिजली मिल पाई थी।
औरंगाबाद में स्थित 132 केवी बिजलीघर से संचालित होने वाले मथुरा प्रथम फीडर की लाइन का तार रात को करीब 11 बजे चंदनवन कालोनी में मामा की टाल के पास टूट गया था। रात को करीब एक बजे लाइन दुरुस्त करके सप्लाई चालू की गई। करीब आधा घंटे बाद नटवर नगर कालोनी के निकट 11 हजार वोल्टेज लाइन की भूमिगत केबिल फुंक गई। इससे मोतीकुंज, चंदनवन, मोतीकुंज एक्सटेंशन, हनुमान नगर, रेलवे कालोनी, राजाराम पट्टी, बालाजीपुरम, शाहकुंज, चंदनवन फेस टू, सुंदरवन कालोनी, सारंग बिहार सहित 10 से अधिक बड़े इलाके अंधेरे में डूब गए।
रात को बिजली संकट के चलते हर कोई बेचैन हो गया। इनवर्टर भी जवाब दे गए थे। बिजली अफसरों का कहना है कि रात में ही पेट्रोलिंग कराकर फाल्ट तलाशा गया लेकिन तड़के 4:30 बजे पर फाल्ट हाथ आया था। एसडीओ जयगुरुदेव ने बताया कि भूमिगत केबिल दो जगह से जला था। उसे सही कर लिया गया था।