आगरा। एमएसएमई इकाइयों के लिए जीएसटी की व्यवहारिक दिक्कतों को दूर कराने और जीएसटी से रूबरू कराने के लिए रविवार पूर्वाह्न 11:30 बजे नुनिहाई के होटल मधुश्री में जीएसटी वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।
एमएसएमई विकास संस्थान, पीपीडीसी, सीएफटीआई, सीडीजीआई और राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम द्वारा आयोजित वर्कशॉप में जूता, डीजल इंजन, फाउंड्री, इंजीनियरिंग कंपोनेंट आदि के 500 से ज्यादा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमी हिस्सा लेंगे। जीएसटी के नि:शुल्क पंजीकरण की भी सुविधा रहेगी।
एमएसएमई विकास संस्थान निदेशक प्रभारी विश्व मोहन झा, पीपीडीसी प्रधान निदेशक आर पन्नीर सेल्वम ने बताया कि लघु उद्योग भारती, नेशनल चेंबर, आगरा शू मैन्यूफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्र्ट्स चैंबर, आगरा आयरन फाउंड्रीज एसेासिएशन, सिकंदरा फैक्ट्री ऑनर्स और यमुना पार सराफा एसोसिएशन के सदस्य जीएसटी वर्कशॉप में हिस्सा लेंगे।
रविवार को वर्कशाप में हिस्सा लेने आ रहे अपर सचिव एवं विकास आयुक्त एसएन त्रिपाठी पीपीडीसी में हेल्प डेस्क का शुभारंभ और जीएसटी बुक का विमोचन भी करेंगे।