फिरोजाबाद। जिले में तैनात रहे डीआईओएस रविंद्र के समय अल्पसंख्यक विद्यालयों में हुई नियुक्तियाें की जांच की मांग उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीएम से की है। डीएम ने जांच करने की जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी है। करीब 20 नियुक्तियां जांच के घेरे में हैं।
संगठन संयोजक आत्प्रकाश उपाध्याय का आरोप है कि इस्लामियां इंटर कालेज, सुगरा बेगम इंटर कालेज और दिगंबर जैन इंटर कालेज में मनमुताबिक तरीके से नियुक्तियां हुई हैं। इन विद्यालयों में डेड पडे़ दो पदों का शिक्षा निदेशक से बिना सृजन कराए ही नियुक्ति कर दी गई है।
अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की शिकायत पर डीएम ने चयनित शिक्षकों की उपस्थिति रोकने के आदेश भी दिए, लेकिन शिक्षाधिकारियों ने पदभार ग्रहण करा दिया। जांच की मांग करने वालों में संगठन के रामाबाबू पचौरी, कृष्णकांत उपाध्याय, सुशीलचंद, रवींद्रनाथ गर्ग, अनिल शर्मा, बृजमोहन मिश्रा, रामप्रकाश यादव, आदेश यादव आदि हैं।