एटा। दो बेटियाें को बीस लाख में बेचने के विरोध पर मां के सामने गैंगरेप के मामले में मारहरा पुलिस ने मां और मामा समेत छह लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने और अपहृत किशोरी को चंगुल से छुड़ाने के लिए पुलिस टीम जल्द जेवर और दिल्ली जाएगी।
मारहरा निवासी युवती ने अपनी मां पर बहन समेत बीस लाख रुपये में बेचने और विरोध करने पर मां द्वारा प्रेमी और उसके साथियों पर गैंगरेप कराने और दोनों को अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया था। युवती ने पिता संग एसएसपी दफ्तर पहुंचकर शिकायत की लेकिन मारहरा पुलिस ने मोबाइल पर बयान रिकार्ड कर टरका दिया। युवती का आरोप है कि उसकी छोटी बहन अभी भी अपहर्ताओ के चंगुल में है और उसका शोषण किया जा रहा है।
एएसपी से शिकायत के बाद हरकत में आई मारहरा पुलिस ने देर रात पीड़िता को बुलाकर रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने युवती की मां, दिल्ली निवासी मामा लोकेश, मारहरा निवासी दीपक और मां का प्रेमी वसीम और गौतमबुद्ध नगर निवासी रामेश्वर और ज्ञानेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ मारहरा ने बताया कि जल्द ही पुलिस की एक टीम जेवर में बंधक बनाई गई किशोरी को मुक्त कराने जाएगी। पुलिस युवती के बयान दर्ज कर उसकी मेडिकल जांच कराने की तैयारी कर रही है।