फिरोजाबाद। गांव चनौरा में रविवार को मकान का छज्जा गिरने से मलबे में दबकर नौ साल के बालक की मौत हो गई। दो महिलाएं भी घायल हो गईं। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, परिवारीजनों के कहने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर बिना पोस्टमार्टम कराए बालक का शव अंतिम संस्कार के लिए उन्हें दे दिया।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चनौरा निवासी सत्यप्रकाश की पत्नी सुशीला छज्जे पर बैठकर उपले थाप रही थी। इसी दौरान छज्जा भरभरा कर गिर गया। हादसे के समय पड़ोसी वृंदानंद का नौ वर्ष का पुत्र प्रशांत और एक महिला वहां से गुजर रही थी। मलबे के नीचे प्रशांत दब गया। जबकि महिला भी घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिवारीजन और आसपास के लोग जुट गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने मलबा हटाकर प्रशांत और सत्यप्रकाश की पत्नी सुशीला को बाहर निकाला। इस बीच प्रशांत की सांसें थम चुकी थीं। जबकि सुशीला ही हालत गंभीर देख लोग उसे लेकर अस्पताल भागे। रामगढ़ पुलिस ने प्रशांत के शव को कब्जे में लिया। पर, प्रशांत के परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
इस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराए बगैर प्रशांत के शव को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल रामगढ़ का कहना है कि प्रशांत के परिवारीजनों ने सत्यप्रकाश के खिलाफ कार्रवाई के लिए मना करने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराने से मना किया था। इसलिए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।