एटा। 21 जून को प्रस्तावित योग दिवस के लिए प्रशासन की तैयारियां चल रही हैं। जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। जीआईसी मैदान पर होने वाले मुख्य आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सोमवार को जिला मुख्यालय के प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई।
योग दिवस पर जिलेभर में आयोजनों की धूम रहेगी। ब्लॉक स्तर पर होने वाले योग को लेकर जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के नाम की घोषणा कर दी है। वहीं जीआईसी क्रीड़ास्थल पर प्रस्तावित मुख्य आयोजन को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिला मुख्यालय स्थित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक सोमवार को कार्यालय पर बुलाई है।
योग शिविर आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्थाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। वहीं आयोजन स्थलों की सफाई एवं पेयजल व्यवस्थाएं नगर पालिकाएं व नगर पंचायतों को सौंपी गई हैं। जिला विकास अधिकारी को आयोजनों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की जिम्मेदारी दी गई है, तो प्रशिक्षकों की व्यवस्था जिला क्रीड़ाधिकारी द्वारा की जाएगी।
भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति की बैठक में योग दिवस की तैयारियों पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही सफल आयोजन को लेकर पांच सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया। इसमें सावंत सिंह, अवधेश यादव, रनवीर सिंह, अमोल सिंह, राजेंद्र सिंह नामित किए गए हैं। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी रामनिवास चौहान ने संपर्क टीमों को गांव गांव पहुंचकर प्रचार प्रसार में लगाया है। मौके पर संयोजक आचार्य व्यास, महिला प्रभारी डॉ श्यामलता वेद, सत्येंद्र सिंह, सुशील कुमार, देवेश कुमार आदि रहे।