मैनपुरी। बच्चों को सभी जानलेवा बीमारियों से बचाने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अभिभावकों की भी है। सभी अभिभावक पांच वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक दशा में जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं। यह निर्देश डीएम ने महिला अस्पताल में बच्चों को बिटामिन ए की खुराक पिलाने के बाद दिए।
बुधवार को बाल पोषण सप्ताह के तहत महिला अस्पताल पहुंचे डीएम यशवंत राव ने बच्चों को बिटामिन ए की खुराक पिलाई। उन्होंने कहा कि अभिभावक समय-समय पर दी जाने वाली बिटामिन ए, पोलियो की खुराक भी बच्चों को पिलाएं। प्रत्येेक बुधवार, शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एएनएम द्वारा टीके लगाये जाते हैं। यह कार्यक्रम प्रथम चरण में जुलाई तक चलेगा इसके तहत सभी लक्षित बच्चों को बिटामिन ए की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शरद वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका महिला चिकित्सालय डा. हरिदत्त नेगी, अपर मुख्य चिकित्सा/ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. राम किशन, डा. जेपी शुक्ला, डीपीएम संजीव कुमार, डीसी धर्मेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव आदि मौजूद थे।