कासगंज (एटा)। जिले के दो होनहारों ने जेईई एडवांस में बेहतर रैंक ली। निलांश माहेश्वरी ने जनरल कैटेगिरी में 3570वीं रैंक हासिल की। निलांश का सपना साफ्टवेयर इंजीनियर बनने का था उसे उसने सच कर दिया है।
निलांश माहेश्वरी बिजली कारोबारी नीरज माहेश्वरी और हाउस वाइफ पूनम माहेश्वरी के पुत्र हैं। यह परिवार पठान चौक में रहता है। हाईस्कूल, इंटर में भी अच्छी सफलता पाने वाले निलांश ने आईआईटी के लिए कोटा में कोचिंग ली। पहले प्री टेस्ट क्वालीफाई किया अब एडवांस टेस्ट भी अच्छी रैंक के साथ पास कर लिया है। निलांश की सफलता से उसके परिवार में खुशियां हैं। उसके परिवारीजनों ने मिठाई खिलाकर निलांश का उत्साह बढ़ाया।
वहीं बाबा राजेंद्र प्रसाद माहेश्वरी एवं दादी माधुरी माहेश्वरी ने उसकी सफलता पर खुशी जताई और आशीर्वाद दिया। निलांश ने बताया कि उसकी सफलता में परिवार का और शिक्षकों का पूरा सहयोग है। वह कंप्यूटर इंजीनियर बनके देश सेवा करना चाहता है।
वहीं कासगंज के पीयूष आनंद के सिविल इंजीनियर बनने का सपना अब साकार हो जाएगा। जेईई एडवांस के परिणाम में पीयूष की एससी केटेगिरी में 524वीं रैंक आई है। परिवारीजनों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जताई।
पीयूष आनंद कासगंज ब्लॉक में तैनात सहायक विकास अधिकारी अतर सिंह का पुत्र है। वह शुरू से ही मेधावी था। जवाहर नवोदय विद्यालय से उसने हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा सम्मान अंकों के साथ पास की। इंटर करने के बाद ही उसने सिविल इंजीनियर बनने का सपना देखा। माता पिता ने उसे आईआईटी की तैयारी के लिए कोटा भेज दिया। रविवार को परीक्षा परिणाम आने पर जब उसे सफलता की जानकारी मिली तो पीयूष व परिवारजन खुशी से उछल पड़े।