कासगंज (एटा)। इज्जतनगर रेल मंडल के डीआरएम निखिल पंाडे ने रेलवे के लोको पायलटों की पिटाई और हंगामे के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने जंक्शन पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली है और कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
डीआरएम ने मामले की जांच पड़ताल का जिम्मा इज्जतनगर रेल मंडल के सीनियर डीएनई नवीन कुमार सिंह और आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंड आरआर मीणा को सौंपा है। दोनों ही अधिकारियों ने यहां पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डीआरएम ने आरपीएफ, जीआरपी, स्टेशन अधीक्षक सहित अन्य रेलवे के अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीआरएम के निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर कड़ी चौकसी रही।