मैनपुरी। नगर पालिका चेयरमैन और सभासदों के बीच की रार बढ़ती जा रही है। रविवार से शुरू हुआ गतिरोध लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। बुधवार तीन और सभासद विरोध करने वाले सभासदों के साथ पहुंच गए। इससे विरोध करने वाले सभासदों की संख्या 31 हो गई है। 32 में से महज एक ही सभासद चेयरमैन के समर्थन में है।
सभासदों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को राजीव मिश्रा के नेतृत्व में नगर पालिका सभागार में बैठक की। इसमें तीन सभासदों ने अपने त्यागपत्र उन्हें सौंप दिए। इससे पहले रविवार को 28 सभासदों ने अपने त्यागपत्र राजीव मिश्रा को सौंपे थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि बृहस्पतिवार को 11 बजे उनका एक प्रतिनिधि मंडल पालिकाध्यक्ष से मुलाकात करेगा।
समझौता नहीं होने पर सभासद आगे के आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। बैठक में राजीव मिश्रा, विश्वनाथ सिंह यादव, मधु यादव, देवकुमार, दीपू गोस्वामी, निशांत जैन, रामनिवास शर्मा, सुरेश चंद्र, एलकार सिंह, ब्रलेश कुमार, फूलबहार आदि सभासद मौजूद रहे।
सभासदों के ये हैं आरोप
- बिना प्रस्ताव पास किए चेयरमैन और उनके पति ने अपने चहेतों को लाखों रुपये का मरम्मत और निर्माण का कार्य आवंटित किया है।
- स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का बार-बार निर्माण कराना और चेयरमैन पति का भुगतान के समय रुपये मांगने के कारण कार्य अधर में लटका हुआ है।
- सभासदों को विश्वास में लिए बिना सफाई नायकों और सफाई कर्मचारियों का स्थानांतरण रुपये वसूलने के लिए करना।
- प्रभारी सफाई नायक प्रवेश कुमार को हाईकोर्ट से स्टे के बाद भी स्थानांतरण और निलंबन के बाद काम पर नहीं लाया जाना