फिरोजाबाद हाईवे पर बुधवार को फैक्टरी में काम पर जा रहे बाइक सवार श्रमिक को ट्रक ने रौंद दिया। श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक परिवार का अकेला कमाने वाला था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
थाना क्षेत्र के गांव खेरिया, हजरतपुर निवासी (30) रमेशचंद्र फिरोजाबाद की एक कांच फैक्टरी में श्रमिक था। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे बाइक से कारखाने में काम करने निकला था। उसायनी चौराहे के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। रमेश की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर थाना पुलिस और परिजन पहुंच गए। ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया।