पांच ब्लॉकों में 3.83 करोड़ रुपये से 39 जर्जर पुलियों का निर्माण और नवीनीकरण होगा, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इससे प्रमुख संपर्क मार्ग बेहतर होंगे और किसानों की आवाजाही पहले से आसान हो जाएगी।
आगरा के सैंया, अकोला, पिनाहट, अछनेरा और खेरागढ़ सहित पांच ब्लॉक में 3.83 करोड़ से 39 पुलिया बनेंगी। फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर की पहल पर पुलिया निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।
विज्ञापन
ग्रामीण अंचलों में नहर, नाले व अन्य मार्गों पर बदहाल हो चुकी 39 पुलियों की दिन बहुरेंगे। सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि विभिन्न संपर्क मार्गों पर स्थित पुलियां लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थीं, जिससे किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्वीकृत बजट से आगरा-ग्वालियर मार्ग, इरादतनगर-सैंया मार्ग, खेरागढ़-सैंया, और अछनेरा-फरह जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर राह सुगम होगी।
इन मार्गों पर मिलेगा लाभ
नवीनीकरण सूची में प्रमुख रूप से उदैयना, जोनई, नगला सावला, कच्छपुरा, सिलोखर, और बिसैरा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के मार्ग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रोहता-बरपुरा मार्ग पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण और भदरौली-पिनाहट खंड के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली पुलियों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।