जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए खड़े लोग
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को जिला महिला अस्पताल के एक डॉक्टर और दो स्टाफ सहित 297 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6799 पहुंच गई है। जिले में अब तक 3870 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 124 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 2805 पहुंच गई है।
पिछले 24 घंटे में हुई कोरोना संक्रमण की जांच में जिला महिला अस्पताल के बाल रोग विशेष डॉ. अभिषेक दुबे और अस्पताल के दो अन्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए। डॉक्टर सहित तीनों लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में 294 संक्रमित और पाए गए।
जिनमें से 20 को आइसोलेशन वार्ड भेजा गया, जबकि अन्य को होम आइसोलेट किया गया है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों को जांच कराने की सलाह दी गई। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने जिले के लोगों से महामारी के बीच कोविड-19 की गाइड लाइन के पालन के निर्देश दिए हैं।