मैनपुरी जिले में बर्खास्त किए गए विशेष जांच टीम (एसआईटी) की सूची में शामिल शिक्षकों को उच्च न्यायालय के आदेश पर राहत मिल गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने 74 में से 26 शिक्षक बृहस्पतिवार को बहाल कर दिए। ये शिक्षक शुक्रवार को फिर से विद्यालयों में नजर आएंगे।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से वर्ष 2015 में बीएड करने वाले जिले के 81 शिक्षकों की डिग्री एसआईटी ने फर्जी बताते हुए इन शिक्षकों की सेवा समाप्ति के निर्देश वर्ष 2017 में दिए थे। दो साल तक चली जांच के बाद 30 नवंबर 2019 को बीएसए विजय प्रताप सिंह ने जिला समिति की रिपोर्ट के बाद 74 शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया था।
तीन शिक्षकों को 22 जनवरी को बर्खास्त किया गया। नवंबर में बर्खास्त हुए शिक्षक उच्च न्यायालय चले गए थे। इनमें से 26 शिक्षकों की सेवा बहाल कर 10 फरवरी को उच्च न्यायालय में सुनवाई होनी है। न्यायालय के आदेश की अवमानना न हो जाए इसको ध्यान में रखते हुए बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को 26 शिक्षकों को बहाल कर दिया।