मैनपुरी। जिला अस्पताल में निमोनिया, कोल्ड डायरिया, अस्थमा और उच्च रक्तचाप से पीड़ित चार मरीजों की मौत हो गई। 21 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। इसके अलावा पांच को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया है।
एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव शिवसिंहपुर निवासी जमादार सिंह के 42 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने बुधवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया यहां उपचार के दौरान बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बानपुरा निवासी वीरभान सिंह की 62 वर्षीय पत्नी राजनश्री को परिजनों ने बुधवार को गंभीर हालत में उच्च रक्तचाप की समस्या पर भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव भागपुर निवासी 70 वर्षीय नंदराम को अस्थमा की दिक्कत के कारण बुधवार की रात परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रात में ही उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव हविलिया निवासी 13 साल की प्रांशी पुत्री रामरहीश को बृहस्पतिवार को अचानक कोल्ड डायरिया की शिकायत हुई। परिजन उसे एक निजी डॉक्टर के यहां लेकर पहुंचे। यहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शादी में आए युवक की हार्टअटैक से मौत
मैनपुरी। गुजरात के बड़ौदा निवासी रामदास राजपूत का 42 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार यहां शहर के दीवानी रोड स्थित एक मैरिज होम में अपने मित्र के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। यहां बुधवार की रात उसे अचानक हार्ट अटैक पड़ा। उसके साथी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। जिला अस्पताल के रिकार्ड में युवक की मौत हार्टअटैक से होना दर्ज है।