एंबुलेंस के पास खड़ा स्वास्थ्यकर्मी (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले में कोरोना की दूसरी लहर जानलेवा साबित हो रही है। अप्रैल से लेकर पांच मई तक जिले में 25 से अधिक कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। विगत दस दिन पूरे कोरोना काल के अभी तक सबसे खतरनाक साबित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो 10 दिन में 16 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
विगत वर्ष कोरोना करीब नौ महीने तक हावी रहा। उस समय जिले में कुल 68 मौतें हुईं। इनमें अधिकांश बुजुर्ग अथवा किसी अन्य बीमारी से ग्रसित थे। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर जानलेवा है। इसमें अधिकांश युवा दम तोड़ रहे हैं। इन युवाओं में बीमारी का कोई लक्षण भी नहीं था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने बताया कि अप्रैल में संक्रमित मृतकों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। हालांकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। इस समय बिल्कुल लापरवाही न बरतें। लोग अनावश्यक रूप से घरों से न निकलें।