मैनपुरी। धान की बुवाई से ठीक पहले शासन द्वारा बीज की जांच के आदेश दिए जाने के बाद बृहस्पतिवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने जिले भर में छापे मारे। इस दौरान अधिकारियों ने धान के बीज के 24 नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
जिले में बड़े पैमाने पर धान की बुवाई की जाती है। ऐसे में धान के बीज की गुणवत्ता जांचना बहुत जरूरी है। इसके चलते शासन के आदेश पर जिले भर में जांच के लिए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने टीमों का गठन किया है। बृहस्पतिवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने एसडीएम के साथ क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ने घिरोर एसडीएम अनिल कुमार कटियार के साथ लकी खाद भंडार, कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी, एग्री जंक्शन केंद्र, गुप्ता बीज भंडार, आशू खाद बीज भंडार और श्रीओम साईं खाद भंडार से दो-दो धान के बीज के नमूने लिए। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी ने मैनपुरी में दीपक खाद बीज भंडार ललूपुर, शिव खाद बीज भंडार भांवत रोड और आशुतोष खाद बीज भंडार भांवत रोड से भी धान के बीज के दो-दो नमूने लिए। उन्होंने कुल 20 नमूने भरे।
इधर, उपकृषि निदेशक डीवी सिंह ने किशनी में मै. ब्रह्मानंद बीज भंडार, मै. सोहम बीज भंडार से धान के बीज का एक-एक नमूना लिया। वहीं करहल में निरीक्षण के दौरान अशोक बीज भंडार और राहुल खाद बीज भंडार से भी धान के बीज का एक-एक नमूना लिया।