प्राची गार्डन में बने मकानों को सील करते प्रवर्तन कर्मी स्त्रोत एडीए
आगरा। नौबरी रोड स्थित प्राची गार्डन कॉलोनी में आगरा विकास प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को 22 मकान सील कर दिए। बिना मानचित्र अवैध रूप से संजय अग्रवाल ने प्राची गार्डन में प्लॉटिंग की थी। इसके अलावा बाद में 8000 वर्ग मीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर गरजा।
ताजगंज वार्ड स्थित नौबरी रोड पर संजय अग्रवाल ने प्राची गार्डन बनाया। बिना नक्शा पास कराए यहां प्लॉटिंग हो गई। डुप्लेक्स मकान बनाकर बेचे जा रहे थे। एडीए के नोटिस के बावजूद बिल्डर ने अवैध कॉलोनी में निर्माण कार्य नहीं रोके। उपाध्यक्ष के निर्देश पर बृहस्पतिवार को प्रवर्तन दल ने प्राची गार्ड में सड़क व चहारदीवारी बुलडोजर से ध्वस्त की। 22 मकान भी सील किए हैं।
दूसरी कार्रवाई ताजगंज वार्ड में बाद पुल स्थित गुरु कृपा स्कूल के पास अवैध रूप से 8000 वर्ग मीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर की। यहां सड़क बिछाकर प्लॉटिंग की जा रही थी। खरीदारों को सस्ते प्लॉट का झांसा दिया जा रहा था। शिकायत पर बृहस्पतिवार को प्रवर्तन दल ने बिना मानचित्र विकसित हो रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। एडीए सचिव संजय कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनी व निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई जा रही है। ध्वस्तीकरण और सीलिंग के बावजूद निर्माण किया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।