एटा। जिले को खुले में शौच मुक्त घोषित करने की राह में रोड़ा बन रहे लापरवाह कर्मचारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। डीएम के निर्देश पर शौचालय निर्माण समेत तमाम महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में प्रगति नहीं लाने पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत सचिव मुज्जमिल खान को निलंबित कर दिया है। इसे लेकर ग्राम पंचायत सचिवों में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन ने जिले को खुले में शौच मुक्त करने के लिए 30 अक्तूबर की तारीख तय की है। मगर विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से काम पिछड़ता नजर आ रहा है। जलेसर ब्लॉक में तैनात रहे ग्राम पंचायत सचिव को डीपीआरओ डा. एसके श्रीवास्तव ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, जियो टैग और बेसलाइन से वंचित परिवारों के सर्वे में सहयोग न करने और अन्य विभागीय कार्यों में प्रगति नहीं लाने पर निलंबित कर दिया।
बताया जाता है कि ग्राम पंचायत मुज्जमिल खान के तैनाती क्षेत्र की ग्राम पंचायतों की प्रिया सॉफ्ट फीडिंग भी नहीं हुई है। साथ ही शौचालय निर्माण में अनियमितता की गई है। इसे लेकर डीएम आईपी पांडेय के निर्देश पर डीपीआरओ ने कड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई को लेकर विभाग में हड़कंप मचा है।
पूर्व में निलंबित हो चुके हैं पंचायत सचिव
जलेसर ब्लॉक में तैनात पंचायत सचिव को पहले भी शौचालय निर्माण में अनियमितता बरतने पर निलंबित किया जा चुका है। इसके बाद पूर्व डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने उनको अनंतिम बहाल कर दिया था और सहायक विकास अधिकारी बना दिया गया। जिसके बाद डीएम आईपी पांडेय के निर्देश के बाद एडीओ पद से भी हटा दिया गया।
शुरू होगा कार्रवाईयों का दौर
जिला प्रशासन के बाद लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों की पूरी सूची पहुंच गई है। जिनमें अधिकतर कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े हैं। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो जिले के ओडीएफ होने के बाद कार्रवाईयों का दौर शुरू होगा।
पहले भी कई हो चुकीं हैं कार्रवाई
एटा। शौचालय निर्माण में अनियमितता को लेकर जिले में पहले भी कार्रवाइयां हो चुकी हैं। जिले में पूर्व में तैनात रहे प्रभारी डीपीआरओ धनंजय जायसवाल को शौचालय निर्माण में अनियमितता के चलते कार्य मुक्त किया गया था। इसके साथ ही जैथरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत निजामाबाद मेें शौचालय निर्माण को आए धन का गबन करने पर पंचायत सचिव रवि कुमार को निलंबित कर जेल भेजा गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत छितौनी, कासिमपुर बहादुरगढ़, भदुईया मठ, कंचनपुर आसेपुर में भी कार्रवाई की गई थी।
शौचालय निर्माण में अनियमितता, जियो टैग, बेसलाइन सर्वेक्षण समेत तमाम विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत सचिव मुजम्मिल खान को निलंबित कर दिया गया है।
डा. एसके श्रीवास्तव, डीपीआरओ एटा