एटा। सकीट थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया कोची निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद ससुरालीजन शव जलाने पहुंच गए। मृतक विवाहिता के भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधजले शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जाच शुरू कर दी है।
मैनपुरी थाना कुरावली के गांव गुलाबपुर निवासी रेखा (35) की शादी करीब 11 साल पहले थाना सकीट क्षेत्र के गांव गढिया कोंची निवासी सतेंद्र के साथ हुई थी। उसके चार बच्चे भी थे। रेखा अपनी ससुराल में ही थी। शुक्रवार को उसकी ससुराल में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीजन उसका शव लेकर अंतिम संस्कार करने पहुंच गए। ससुरालीजनों ने शव को आग के हलवाने कर दिया।
इसी दौरान मृतका का भाई अनिल कुमार वहां पहुंच गया। उसने मामले की जानकारी थाना सकीट पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से अधजला ही बाहर निकलवा लिया। इसके बाद महिला पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सकीट देशवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। वहीं विवाहिता के भाई ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।